नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अंबा (औरंगाबाद)। अम्बे जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, अंबा की वार्षिक आमसभा शनिवार को सीएलएफ कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के साथ संगठन की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। वहीं, आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर विभिन्न गतिविधियों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद जीविका दीदियों ने सामूहिक रूप से ‘बढ़ते कदम प्रार्थना’ का गायन किया। आमसभा में संगठन के कार्यों, वित्तीय प्रगति और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) धनंजय कुमार ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की आधारशिला है। जीविका ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार तथा विभिन्न आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने जीविका दीदियों से सरकारी योजनाओं और स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत करने की अपील की।
समीक्षा सत्र के दौरान क्षेत्रीय समन्वयक रवि रंजन, इंक्यूबेशन एकाउंटेंट मृत्युंजय भारती, लेखापाल अर्जुन कुमार तथा सीसी विभा कुमारी, पल्लवी कुमारी एवं अरविंद कुमार चौधरी की मौजूदगी में वित्तीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। आमसभा में संगठन की आर्थिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए संस्था को अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए सदस्यों से सुझाव भी लिए गए।
इस अवसर पर आजीविका के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद न केवल उनकी आय में वृद्धि हुई, बल्कि परिवार में निर्णय लेने की क्षमता और समाज में सम्मान भी बढ़ा है। उन्होंने जीविका के माध्यम से मिली प्रशिक्षण एवं आर्थिक गतिविधियों को आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में ‘संगठित महिला, समृद्ध समाज’ का संकल्प लिया गया। आमसभा में निदेशक मंडल की सदस्याओं के साथ सैकड़ों जीविका दीदियां एवं परियोजना कर्मी मौजूद रहे।