मुगलपाड़ा स्थित घर में चल रहा था कारोबार, 600 ग्राम ब्राउन शुगर, 5.93 लाख रुपये नकद और केमिकल बरामद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र के मुगलपाड़ा में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से लगभग 600 ग्राम ब्राउन शुगर, 5 लाख 93 हजार रुपये नकद, केमिकल, एक कार और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इसके अलावा पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई है।
मामले की जानकारी बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल और राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम गठित कर बरहरवा के मुगलपाड़ा स्थित एक घर में छापेमारी की गई। इस दौरान कथित अवैध कारोबार से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को मौके से ब्राउन शुगर के साथ केमिकल और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले सामान भी मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजीकुल शेख, अख्तर आलम, शजहान शेख, साहनवाज आलम और अमिरूल शेख के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस इस मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 259/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में बरामद सामग्री के स्रोत, कथित अवैध कारोबार के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।