सत्येंद्र नारायण पार्क से महाराणा प्रताप चौक तक निकाली गई जागरूकता दौड़, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की डी/114 बटालियन, बियाडा औरंगाबाद की ओर से मंगलवार को फिट इंडिया अभियान के तहत ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ का आयोजन किया गया। कमांडेंट अश्विनी कुमार झा के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम सुबह नौ बजे शुरू हुआ। जागरूकता दौड़ में शामिल लोग सत्येंद्र नारायण पार्क से महाराणा प्रताप चौक पहुंचे।

कार्यक्रम में डी/114 आरएएफ के डिप्टी कमांडेंट दुर्गा नंदन श्रीवास्तव, सहायक कमांडेंट प्रवीण कुमार सहित बल के अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। डीएवी पब्लिक स्कूल, दानी बिगहा के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने, नियमित व्यायाम करने तथा दैनिक जीवन में दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने के प्रति जागरूक करना था। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। नियमित शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ, सक्रिय और अनुशासित जीवन के लिए आवश्यक है। डिप्टी कमांडेंट दुर्गा नंदन श्रीवास्तव ने लोगों से फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।