नेपाल में आयोजित वर्ल्ड कप पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया देश और औरंगाबाद का मान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित डब्ल्यूआरपी फेडरेशन वर्ल्ड कप पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीतकर देश और जिले का नाम रोशन करने वाले सूरज कुमार को औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने सम्मानित किया। उन्होंने अपने आवासीय कार्यालय ‘सिंह कोठी’ में देव प्रखंड के रियासत पवई निवासी सूरज कुमार को अंगवस्त्र देकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पूर्व सांसद ने कहा कि सूरज कुमार ने अपनी शानदार उपलब्धि से औरंगाबाद जिले के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

9 से 11 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में सूरज कुमार ने 67.5 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने फुल पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में कुल 560 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा बेंच प्रेस में 127.5 किलोग्राम, स्क्वाट में 205 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 227.5 किलोग्राम वजन उठाकर तीन अन्य स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस तरह उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
सूरज कुमार की इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है। बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह, कोच सुबेस्टिन जॉन, पूर्व सांसद प्रतिनिधि अश्विनी सिंह, देव के पूर्व उप प्रमुख मनीष पाठक, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आदित्य शेखर, युवा भाजपा नेता प्रवीर सिंह, शुभेन्दु शेखर, रवि सिंह, महेंद्र भगत, भाजपा जिलामंत्री सुबोध सिंह, भाजपा नेता पप्पू सिंह, आलोक सिंह, दीपक सिंह, धीरज पांडेय, पूर्व मुखिया विनय मिश्रा, रविन्द्र शर्मा, अशोक सिंह और जिला मीडिया प्रभारी मितेन्द्र सिंह सहित अनेक समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।