कार्यपालक अभियंता पवन कुमार ने किया निरीक्षण, पूजा समितियों को दिए सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दुर्गा पूजा को लेकर मसौढ़ी अनुमंडल में प्रशासन और विद्युत विभाग सतर्क हो गया है। पूजा पंडालों में सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। इस वर्ष पूरे मसौढ़ी अनुमंडल क्षेत्र में कुल 55 दुर्गा पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को मसौढ़ी विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता पवन कुमार ने अपनी टीम के साथ मसौढ़ी शहर के विभिन्न वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों में बन रहे पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों को बिजली सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यपालक अभियंता ने स्पष्ट कहा कि सभी पूजा समितियां विधिवत अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। बिना वैध कनेक्शन के बिजली का इस्तेमाल नहीं किया जाए। पंडालों में वायरिंग के लिए गुणवत्तापूर्ण तारों का उपयोग करने, खुले तारों को सुरक्षित तरीके से कवर करने और आवश्यक स्थानों पर इंसुलेटर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने पंडालों में अर्थिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, लाइट और साउंड सिस्टम पर ओवरलोड से बचने तथा बिजली के उपकरणों को पानी से दूर रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बिजली सुरक्षा में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी पूजा समितियां निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के कई कनीय अभियंता और कर्मी मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम के साथ विशेष टीम भी तैनात रहेगी।