हर पंडाल में चार अग्निशमन यंत्र, पानी और बालू की व्यवस्था अनिवार्य, बिजली के कटे-फटे तारों को दुरुस्त करने की अपील
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
खगौल। दुर्गा पूजा के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग की टीम ने खगौल के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी। इस दौरान पूजा समितियों को अग्नि सुरक्षा के उपायों को अपनाने और बिजली से जुड़ी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए।
अग्निशमन विभाग के सब अफसर सह सहायक अवर निरीक्षक सुधीर कुमार, प्रधान अग्निक मोहम्मद असलम और अग्निक पुष्पा कुमारी ने फाइव स्टार क्लब, छोटी बदलपुरा बौलीपर पोस्ट, जन कल्याण समिति, आजाद क्लब, काली स्थान और भारत क्लब सहित विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
फाइव स्टार क्लब के सचिव चंदू प्रिंस और कोषाध्यक्ष सूरज कुमार सिंह को सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए सुधीर कुमार ने बताया कि प्रत्येक पूजा पंडाल में चार अग्निशमन यंत्र, दो ड्रम पानी और बालू की समुचित व्यवस्था रखनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने पूजा समितियों से अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की।
वहीं, बिजली विभाग के टेक्नीशियन वन अभय कुमार ने भी टीम के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली के कटे-फटे तारों को सुरक्षित तरीके से ठीक कराने और खुले तारों पर उचित इंसुलेटिंग टेप लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में विभाग को तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
फाइव स्टार क्लब के सदस्यों ने अग्निशमन और बिजली विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिया। जन कल्याण समिति के अध्यक्ष अजय कुमार यादव ने भी कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पूजा पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर विभिन्न पूजा पंडालों के अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा और अजय कुमार यादव, सचिव चंदू प्रिंस और सौरव सिन्हा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।