सामाजिक सद्भाव और विश्व शांति की कामना, कहा- श्रीराम के जीवन से मिलती है भेदभाव से ऊपर उठने की प्रेरणा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सिमडेगा। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता आलोक कुमार गुरुवार को सिमडेगा स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रामरेखा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने धाम की पवित्र गुफा में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी तथा भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित शिवलिंग का दर्शन कर विश्व शांति और सामाजिक सद्भाव की कामना की।
इस अवसर पर बीरुगढ़ के युवराज सह रामरेखा धाम के संरक्षक कौशलराज सिंहदेव ने अंगवस्त्र और धाम से जुड़े स्मृति-चिह्न भेंट कर आलोक कुमार का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में श्रीराम वन गमन पथ शोध संस्थान के अध्यक्ष रामावतार शर्मा तथा अयोध्या से आए छत्तीसगढ़ प्रांत के सहमंत्री विजय कुमार राठौड़ समेत कई लोग उपस्थित रहे।
धाम में दर्शन के बाद आलोक कुमार ने कहा कि श्रीराम वनगमन पथ पर स्थित रामरेखा धाम पहुंचकर उन्हें सुख और संतोष की अनुभूति हुई। इस पवित्र स्थल पर भगवान श्रीराम से संबंधित कई चिह्न मौजूद हैं, जो इसकी धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने यहां समाज के एक साधारण व्यक्ति की तरह चार महीने व्यतीत किए थे।
इससे इस स्थान का महत्व और बढ़ जाता है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी के साथ सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी प्रेम, समानता और एकता को मजबूत किया जा सकता है।