जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जवानों को किया सम्मानित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के उपलक्ष्य में ‘Fight Against Drugs’ अर्थात् नशे के विरुद्ध संघर्ष का संदेश लेकर बिहार, पश्चिम बंगाल एवं झारखंड राज्यों से गुजरती हुई राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली औरंगाबाद पहुंची। रैली का उद्देश्य नशामुक्त समाज के निर्माण, युवाओं में जागरूकता तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
औरंगाबाद में जागरूकता कार्यक्रमों के सफल समापन के उपरांत जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा द्वारा रैली में शामिल जवानों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जवानों के समर्पण, अनुशासन एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति उनके प्रयासों की सराहना की गई।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए ससम्मान रवाना किया।
यह राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित कर रही है।
नशामुक्त समाज, सशक्त युवा और एकजुट राष्ट्र—यही इस अभियान का संकल्प है।