नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में मोकामा के विधायक अऩत सिंह ने शुक्रवार को पूरी ताकत झोंक दी। पटना से चलकर धनरुआ होते हुए मसौढ़ी पहुंचे अनंत सिंह का समर्थकों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। मसौढ़ी पहुंचने पर सैकड़ों की संख्या में जुटे समर्थकों और स्नातक युवाओं ने अनंत सिंह को चांदी का मुकुट पहनाकर और फूल-मालाओं से लादकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरा मसौढ़ी बाजार अनंत सिंह जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने भरोसा दिलाया कि मसौढ़ी के स्नातक युवा इस बार भारी संख्या में जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह को वोट करेंगे।

भारी भीड़ के कारण मीडिया से विस्तृत बातचीत तो नहीं हो सकी, लेकिन जनता को संबोधित करते हुए अनंत सिंह ने विरोधी पर सीधा हमला बोला। अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने कहा हम अपने छोटे भाई अनुज सिंह के लिए वोट मांगने आए हैं। यह बदलाव का प्रतीक है। दूसरी तरफ जो खुद को स्टार समझता है, वो निरजवा.. बहुत अहंकारी हो गया है। जनता से उसका कोई मतलब नहीं है, सिर्फ घमंड में रहता है। इस बार मसौढ़ी की जनता उसका घमंड तोड़ेगी। भारी मतों से उसकी हार होने जा रही है, ये तय है।

अनंत सिंह ने लोगों से अपील की कि वे जात-पात से ऊपर उठकर शिक्षित उम्मीदवार को चुनें। बता दें कि अनंत सिंह के मसौढ़ी दौरे को लेकर पहले से ही काफी उत्सुकता थी। उनके काफिले में दर्जनों गाड़ियां थीं और जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। मौके पर वार्ड पार्षद कुमारी प्रीतिलता, रंजीत कुमार, मुकुल शर्मा, रामजन्म शर्मा, छोटू इराकी, मंजू देवी, अनीश राजपूत, प्रिंस राजपूत, रोशन कुमार, दीपक यादव, धीरज यादव, रजनीश कुमार, दीपू कुमार समेत सैकड़ो समर्थक शामिल रहे।