हथियापाथर में पांच घंटे चली छापेमारी, 7,200 लीटर विदेशी शराब समेत पैकेजिंग सामग्री बरामद, दो आरोपी फरार
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। जिले के बगोदर में उत्पाद विभाग ने अवैध विदेशी शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। बगोदर थाना क्षेत्र के सरिया रोड स्थित हथियापाथर में छापेमारी के दौरान करीब 7,200 लीटर तैयार विदेशी शराब समेत भारी मात्रा में शराब बनाने और पैकेजिंग की सामग्री जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों की पहचान हुई है, जो फिलहाल फरार हैं।
उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने उत्पाद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर 15 अक्टूबर को उत्पाद विभाग की टीम ने हथियापाथर में करीब पांच घंटे तक छापेमारी की। इस दौरान नंदू साव के घर में संचालित अवैध शराब निर्माण इकाई का खुलासा हुआ।
कार्रवाई के दौरान करीब 800 कार्टन में रखी 7,200 लीटर विदेशी शराब, 100 लीटर रंगीन शराब और 350 लीटर अवैध स्पिरिट बरामद की गई। इसके अलावा शराब की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले आठ हजार ढक्कन, 10 हजार होलोग्राम, 15 हजार लेबल, खाली बोतलें, कैरामेल और दो पंचिंग मशीनें भी जब्त की गईं।
उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, इस मामले में हथियापाथर निवासी नंदू साव और हजारीबाग जिले के झुमरा निवासी धनेश्वर प्रसाद की पहचान की गई है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। विभाग अवैध शराब के निर्माण और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।