डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, 13 से अधिक पूजा पंडालों में सुरक्षा के निर्देश, उपद्रवियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दुर्गा पूजा और दशहरा मेले को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुनपुन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार की शाम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 आशीष राज के नेतृत्व में पुनपुन बाजार समेत विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें पुनपुन थानाध्यक्ष बमबम कुमार सहित पुलिस की पूरी टीम शामिल रही। बाइक दस्ते के साथ निकले फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुनपुन थानाध्यक्ष बमबम कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में 13 से अधिक पूजा पंडाल बनाए गए हैं। सभी पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, अग्निशमन संबंधी इंतजाम करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि पूजा और मेले के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आशीष राज ने कहा कि सभी पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया है। पूजा और जुलूस के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या उपद्रव फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा एवं दशहरा मनाने की अपील की है। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने यह संदेश दिया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।