नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। नवरात्र पूजा की सप्तमी की शाम पट खुलते ही माँ शक्ति के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर तरफ माँ जगदंबे के जयकारे गूंजते रहे। मसौढ़ी मुख्यालय में इस बार कुल 32 पूजा पंडाल बनाए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से मसौढ़ी थाना रोड स्थित श्री भारत माता पूजा समिति का पंडाल, स्टेट बैंक के पास माँ काली की प्रतिमा, संगत मोड़ पर नाव पर बना आकर्षक पंडाल, अस्पताल रोड में गुजरात के शिव मंदिर की थीम पर बना पंडाल जहां माँ दुर्गा घोड़े पर सवार हैं, इसके अलावा चक्र में माँ काली और धनरूआ स्थित माँ दुर्गा का पंडाल प्रमुख हैं।

वहीं पुनपुन की बड़ी ठाकुरबाड़ी सहित विभिन्न जगहों पर पंडाल सजाए गए हैं। अनुमंडल की बात करें तो पूरे मसौढ़ी अनुमंडल में 55 जगहों पर माँ दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन द्वारा 93 जगहों पर पुलिस मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
एसडीएम धनराज कुमार ने सभी पूजा समितियों को अपने-अपने पंडालों में सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी और भीड़ नियंत्रण के लिए वॉलंटियर मुस्तैद रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावा हर पूजा पंडाल में पुलिस मजिस्ट्रेट और महिला बल की भी तैनाती की गई है। मसौढ़ी शहर में इस बार भव्य और आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं, जो श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित कर रहे हैं।