ऑपरेशन नारकोस के तहत ट्रेन में छापेमारी, जब्त गांजे की कीमत 13.71 लाख रुपये
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी ऑन सोन/नबीनगर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोमवार को नबीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से 27.429 किलो गांजा बरामद किया। इस मामले में एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 13 लाख 71 हजार 450 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई आरपीएफ नबीनगर, डेहरी ऑन सोन, जपला और अपराध आसूचना शाखा की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन नारकोस के तहत की।
आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर और नारकोटिक्स विभाग, पटना से मिली सूचना के आधार पर ट्रेन संख्या 18523 अप में जांच अभियान चलाया। सोमवार सुबह करीब 7:58 बजे ट्रेन के नबीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर पहुंचने के बाद बी-1 कोच की तलाशी ली गई। इस दौरान दो यात्रियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चिंतामनपुर निवासी अनुज कुमार (28) और पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर स्थित सती स्थान निवासी पिंकी देवी (28) के रूप में हुई है।
आरपीएफ के अनुसार, अनुज कुमार के नीले रंग के पिट्ठू बैग और ट्रॉली बैग से सेलो टेप में लिपटे गांजे के 15 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 18.994 किलो था। वहीं, पिंकी देवी के काले रंग के ट्रॉली बैग से आठ पैकेट बरामद किए गए, जिनका वजन 8.435 किलो था। इस प्रकार दोनों के पास से कुल 27.429 किलो गांजा बरामद किया गया।मादक पदार्थ बरामद होने के बाद आरपीएफ ने संबंधित रेल थाना सोननगर और राजपत्रित अधिकारी को सूचना दी। इसके बाद नबीनगर के राजस्व पदाधिकारी सुनील उरांव की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए विधिवत तलाशी ली गई। बरामद गांजे को नियमानुसार जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम ने बताया कि जब्त गांजा, दोनों आरोपितों और लिखित शिकायत पत्र को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना सोननगर को सौंप दिया गया है। शिकायत के आधार पर रेल थाना सोननगर में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस कार्रवाई में आरपीएफ के अधिकारियों और जवानों के साथ अपराध आसूचना शाखा की टीम शामिल रही। आरपीएफ की इस कार्रवाई को रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, गांजे की बरामदगी और गिरफ्तारी के मामले में आगे की जांच रेल पुलिस करेगी।