ममेरे भाई के साथ दुर्गा पूजा देखने रांची आया था युवक, फोटो खिंचवाने के दौरान हुआ लापता, दो दिनों तक चला खोजबीन अभियान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
खूंटी। खूंटी-रांची सीमा पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दशम फॉल में डूबने से बिहार के 26 वर्षीय युवक उज्ज्वल कुमार गुप्ता की मौत हो गई। वह बिहार के दानापुर से दुर्गा पूजा देखने के लिए रांची आया था। सोमवार शाम करीब चार बजे स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल कुमार गुप्ता रविवार शाम करीब पांच बजे अपने ममेरे भाई के साथ दशम फॉल घूमने पहुंचा था। दोनों फॉल के ऊपरी हिस्से में जंगल की ओर फोटो खिंचवाने के लिए गए थे। इसी दौरान उसका ममेरा भाई फोटो खींच रहा था, तभी उज्ज्वल अचानक लापता हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो उसके ममेरे भाई ने दशम फॉल के पर्यटक मित्रों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दशम फॉल पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। रविवार देर शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सोमवार सुबह से स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया।

घटनास्थल पर बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दशम फॉल थाना प्रभारी और बुंडू अंचल अधिकारी भी पहुंचे। काफी प्रयास के बाद सोमवार शाम करीब चार बजे गोताखोरों ने युवक का शव पानी से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। इस हादसे से पर्यटन स्थल पर शोक का माहौल है। घटना एक बार फिर जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों पर घूमने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित करती है।