गयाजी के गांधी मैदान में श्री गयाजी दशहरा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित रावण वध कार्यक्रम में शामिल हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया जी। गयाजी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार को श्री गयाजी दशहरा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य रावण वध कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और नैतिक मूल्यों का प्रतीक है। यह पर्व हमें संदेश देता है कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य, धर्म और न्याय की ही होती है। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि रावण वध केवल पुतले के दहन का आयोजन नहीं, बल्कि अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ और अन्याय जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का अवसर है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को सही मार्ग पर चलने की सीख देते हैं।
उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई “रघुकुल रीति सदा चलि आई। प्राण जाए पर वचन न जाई॥” का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्यनिष्ठा, वचनबद्धता और कर्तव्यपालन की प्रेरणा देता है। प्रत्येक व्यक्ति को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि रावण अत्यंत विद्वान और शक्तिशाली होने के बावजूद अपने अहंकार और अधर्म के कारण पराजित हुआ। इससे हमें सीख मिलती है कि ज्ञान के साथ विनम्रता, शक्ति के साथ सदाचार और अधिकार के साथ कर्तव्यबोध होना आवश्यक है। उन्होंने समाज से भ्रष्टाचार, सामाजिक भेदभाव, नशाखोरी, महिलाओं के प्रति हिंसा और अन्याय जैसी बुराइयों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देना, महिलाओं का सम्मान करना तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गयाजी आध्यात्मिकता, ज्ञान, मोक्ष और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की पावन भूमि है। भगवान विष्णु की नगरी गयाजी में आयोजित ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सभ्यता से जोड़ते हैं। हमें अपनी गौरवशाली विरासत को संरक्षित करते हुए विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना है। उन्होंने रावण वध कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम के कर्मियों एवं स्वयंसेवकों को बधाई दी। साथ ही, लोगों से शांति, अनुशासन और सुरक्षा बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर हम सभी को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा समृद्ध, सशक्त और विकसित बिहार के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना ए.एन., पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार, अपर समाहर्ता कुमार पंकज, श्री गयाजी दशहरा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय तर्वे, महासचिव दीपक चड्ढा, कोषाध्यक्ष संजय पाल, विपेंद्र अग्रवाल, संजय सेठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए “जय श्रीराम, जय गयाजी, जय बिहार और जय हिंद” का उद्घोष किया।