अज्ञात बाइक की टक्कर से दूसरा बच्चा घायल, गया मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम, रसोइया गांव में पसरा मातम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा प्रखंड के रसोइया गांव में विजयादशमी की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मंगलवार रात करीब आठ बजे अज्ञात बाइक की टक्कर से आठ वर्षीय किट्टू की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय साथी रौनक घायल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के अवसर पर गांव के कुछ बच्चे घर-घर जाकर बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद ले रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय कुटुंबा की ओर से अंबा जा रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने किट्टू और रौनक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
रौनक को हल्की चोटें आईं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल किट्टू को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया। हालांकि, गया पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
किट्टू के पिता वीरेंद्र सिंह ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में दशहरा की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। घटना से रसोइया गांव के लोग भी गमगीन हैं।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अज्ञात बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी अपील की है।