प्राचार्य फादर अरुण मिंज ने किया उद्घाटन, बोले—किताबें समाज को नई दिशा देने और व्यक्तित्व निखारने का सशक्त माध्यम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। सेक्टर-1 स्थित संत जेवियर स्कूल परिसर में गुरुवार को तीन दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य फादर अरुण मिंज एसजे ने मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किताबें केवल ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने और व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारने का सशक्त माध्यम भी हैं।उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव के बावजूद पुस्तकों का महत्व बरकरार है। पुस्तक मेला विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, साहित्य प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए ज्ञान अर्जित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
मेले में साहित्य, इतिहास, विज्ञान, तकनीक, धर्म, दर्शन, कला, संस्कृति और समसामयिक विषयों से संबंधित पुस्तकों के साथ बच्चों की कहानियां, उपन्यास, कविता संग्रह और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध हैं। पाठकों को अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार पुस्तकें चुनने का अवसर मिल रहा है।
प्राचार्य ने कहा कि पाठ्यक्रम की पुस्तकों से आगे बढ़कर विभिन्न विषयों का अध्ययन करने से विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़ता है और उनकी सोचने-समझने की क्षमता विकसित होती है। पुस्तक मेले से बच्चों और युवाओं में पढ़ने की आदत को प्रोत्साहन मिलेगा। उद्घाटन के मौके पर उप प्राचार्य दीपक चौधरी, देवाशीष गुप्ता, सिस्टर सुनीता, सिस्टर अनुपमा और सिस्टर जेंसी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।