झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ता, लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने और छात्रों को बरगलाने का लगाया आरोप
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से मंगलवार को ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ’ नारे के साथ प्रदर्शन किया गया। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में परिषद के कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने देश में लोकतंत्र को खतरा बताने वाले राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों के बयानों पर सवाल उठाए।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल और छात्र संगठन, जिनमें कम्युनिस्ट पार्टी तथा एसएफआई शामिल हैं, देश और लोकतंत्र को खतरे में बता रहे हैं, जबकि उनके अनुसार ऐसे आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि जहां ये संगठन चुनाव जीतते हैं, वहां उन्हें लोकतंत्र पर संकट नजर नहीं आता। बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था में भी संबंधित संगठनों को हार का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और युवा शक्ति लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खड़ी है। परिषद लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने तथा छात्रों को गुमराह करने की कोशिशों का विरोध करेगी।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि देश के विभिन्न राजधानी केंद्रों में ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य छात्रों को एकजुट करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग भारत में भी वैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद ऐसी किसी भी कोशिश का विरोध करेगी और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।