नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार में आगामी 26 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले मेटा 4 .0 को लेकर फ्लैश मॉब के जरिए कल देर शाम कार्यक्रम के पोशाक और उपहार का रंगारंग कार्यक्रम में उद्घाटन किया गया। बिहार और झारखंड के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के सैकड़ों छात्रों की गरिमा पूर्ण उपस्थिति में आयोजित होने वाले बहु प्रतिक्षित सांस्कृतिक महोत्सव के फ्लैश मॉब कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह, प्रति कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह, प्रबंध निदेशक एवं औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, चिकित्सा निदेशक डा. आकांक्षा सिंह,प्राचार्य डॉ पुनीत कुमार सिंह, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी गण सर्व श्री डॉक्टर महेन्द्र कुमार सिंह, डॉक्टर कुमार आलोक प्रताप, सुदीप कुमार सिंह, डॉक्टर मोनिका सिंह, निरुपमा सिंह, सी ए संदीप कुमार विजय, सहायक कुल सचिव अजय कुमार सिंह, छात्रावास अधीक्षक डॉक्टर महेन्द्र प्रताप एवं डॉक्टर अभिलाषा, नारायण मेडिकल कॉलेज के सभी विभाग अध्यक्ष एवं शिक्षकों की उपस्थिति में मेडिकल छात्रों ने शानदार आयोजन किया।

उनके परफॉर्मेंस को देखकर ऐसा लगा कि एक बार फिर युवाओं का उत्साह, प्रतिभा और मनोरंजन का रंग जमाने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मेटा 4.0 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।इसी कड़ी में कल शाम मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में चिकित्सा विज्ञान के छात्रों ने गायन, वादन और नृत्य का ऐसा बेजोड़ शमा बांधा कि उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम समन्वयक एवं छात्र कल्याण डीन डॉक्टर आलोक कुमार ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की थीम “थ्रो ट्रान्सफॉरमेशन,ए न्यू डॉन” रखी है। बदलाव और नयी शुरुआत के संदेश के साथ आयोजित होने वाला यह उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, रचनात्मकता को मंच देने और आपसी संवाद एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेगा।
विदित हो कि इस चार दिवसीय महोत्सव को खास बनाने के लिए संगीत और मनोरंजन की दुनिया के कई चर्चित कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम के मेटा हेड सुनील कुमार व रौशनी उज्जैन तथा मेटा सचिव गोविंद माधव व शकीला सिंह के अनुसार 26 नवंबर को बैंड नाइट में द मिराज अपनी प्रस्तुति देगा जबकि 27 नवंबर को बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक जावेद अली स्टार नाइट में अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे। 28 नवंबर को डीजे नाइट की प्रस्तुति युवाओं को झूमने ने पर मजबूर करेंगी। इसी प्रकार आखिरी दिन 29 नवंबर की रात सूफी नाइट में आरशी का सूफियाना अंदाज कार्यक्रम का आकर्षण बनेगा। महोत्सव को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में अभी से उत्साह का माहौल दिखाई देने लगा है और चारों तरफ बैनर पोस्टर के माध्यम से कार्यक्रम का प्रचार प्रसार शुरू हो गया है।