नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय औरंगाबाद के अंतर्गत एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। बैंक की सभी शाखाओं द्वारा जीविका समूह की दीदियों को मात्र एक ही दिन में कुल 100 करोड़ रुपये का ऋण वितरण सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। यह उपलब्धि न केवल बैंक के लिए, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
औरंगाबाद क्षेत्रीय कार्यालय की सभी शाखाओं के सामूहिक प्रयास से यह लक्ष्य निर्धारित तिथि पर ही प्राप्त किया गया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा बैंक के महाप्रबंधक चितरंजन चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक अरबिंद कुमार तथा जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक पवन कुमार एवं प्रबंधक (सूक्ष्म वित्त) पंचम कुमार दांगी का मार्गदर्शन एवं नेतृत्व सराहनीय रहा।

इस लक्ष्य की प्राप्ति में औरंगाबाद जिले के 11 प्रखंडों एवं अरवल जिले के 5 प्रखंडों के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधकों का सक्रिय सहयोग रहा। अरवल जिला की डीपीएम रागिनी कुमारी तथा औरंगाबाद जिला के डीपीएम पवन कुमार के प्रभावी समन्वय और सतत प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो सकी।
शाखा स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 20 शाखाओं ने 1 करोड़ रुपये से अधिक, 14 शाखाओं ने 2 करोड़ रुपये से अधिक तथा 5 शाखाओं ने 3 करोड़ रुपये से अधिक का जीविका ऋण वितरण किया। यह प्रदर्शन बैंक की कार्यक्षमता, टीम भावना एवं ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एक ही दिन में 100 करोड़ रुपये का यह जीविका ऋण वितरण स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा वित्तीय समावेशन को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
जिला प्रशासन औरंगाबाद भविष्य में भी ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा।