एसटीएफ और औरंगाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर। औरंगाबाद जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिछले 12 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात हार्डकोर नक्सली ललन यादव को एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त छापामारी में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार नक्सली गोह थाना क्षेत्र के जुंझारपुर गांव का निवासी है, जो आर्म्स एक्ट एवं सीएलए एक्ट समेत कई संगीन मामलों में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, आठ जून को गुप्त सूचना मिली थी कि ललन यादव आम-जुंझारपुर गांव के आसपास देखा गया है। सूचना की पुष्टि होते ही एसटीएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए गोह थाना क्षेत्र में घेराबंदी की और संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान हार्डकोर नक्सली ललन यादव को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने अपने अपराधों को स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दाउदनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार ऋषि राज ने जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले को अपराध और नक्सल मुक्त बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गठित विशेष टीम द्वारा ललन यादव की गिरफ्तारी संभव हो सकी। उसके खिलाफ गोह थाना में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई से नक्सलियों के मनोबल पर गहरा असर पड़ा है। जिला प्रशासन की ओर से नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निरंतर छापेमारी की जा रही है। पुलिस की यह सफलता जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।