फाइनल क्विज का आयोजन 27 जनवरी को रानी पोखर के निकट कार्यक्रम स्थल पर किया जाएगा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वाधान में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार सूर्य महोत्सव 2026 के श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रम के अंतर्गत 21 जनवरी 2026 से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन प्रारंभ किया जा रहा है। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान अमृतेश आर्यन ने बताया कि जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद के निदेशानुसार इस अवसर पर जिला स्तरीय क्विज, पेंटिंग, मेहंदी, रंगोली, निबंध, स्लो साइकिल रेस, कबड्डी, खो-खो एवं फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान अमृतेश आर्यन ने बताया कि जिला स्तरीय क्विज स्क्रीनिंग का आयोजन 21 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे समाहरणालय स्थित योजना भवन में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में किसी भी विद्यालय या महाविद्यालय से एक टीम भाग लेगी और प्रत्येक टीम में अधिकतम दो प्रतिभागी होंगे। इस लिखित परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर फाइनल क्विज के लिए प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। फाइनल क्विज का आयोजन 27 जनवरी 2026 को रानी पोखर के निकट देव मुख्य कार्यक्रम स्थल पर किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने यह भी बताया कि जिला स्तरीय पेंटिंग, रंगोली, निबंध एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन 27 जनवरी 2026 को किया जाएगा, जबकि कबड्डी, खो-खो, स्लो साइकिल रेस और फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन 26 जनवरी 2026 को किया जाएगा। पेंटिंग, रंगोली और स्लो साइकिल रेस प्रतियोगिता रानी पोखर, देव के निकट आयोजित की जाएगी, जबकि कबड्डी, खो-खो और फुटबॉल प्रतियोगिता राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय, देव में आयोजित होगी। निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय, देव में किया जाएगा।
सभी प्रतियोगिताएं दो समूहों में आयोजित की जाएंगी, जिनमें जूनियर समूह में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र और सीनियर समूह में स्नातक प्रथम खंड एवं उससे ऊपर के छात्रों को शामिल किया जाएगा। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि रंगोली और क्विज प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय या महाविद्यालय से दो प्रतिभागी भाग लेंगे, जबकि अन्य शैक्षणिक प्रतियोगितियों में प्रत्येक संस्थान से तीन प्रतिभागी भाग लेंगे। खेल गतिविधियों के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय या महाविद्यालय से एक-एक टीम भाग लेगी और इन खेल गतिविधियों के लिए स्क्रीनिंग के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने यह भी बताया कि जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा क्विज प्रतियोगिता के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, औरंगाबाद एवं रितेश कुमार, वरीय उप समाहर्ता को वरीय प्रभारी, मेहंदी प्रतियोगिता के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस एवं कांति कुमारी, महिला हेल्पलाइन को वरीय प्रभारी, पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना शिक्षा विभाग को वरीय प्रभारी, रंगोली प्रतियोगिता के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, औरंगाबाद को वरीय पदाधिकारी, फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला खेल पदाधिकारी, औरंगाबाद को वरीय पदाधिकारी, स्लो साइकिल रेस प्रतियोगिता के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी देव को वरीय पदाधिकारी, खो-खो प्रतियोगिता के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना एवं जिला खेल पदाधिकारी को वरीय पदाधिकारी और कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना एवं जिला खेल पदाधिकारी को वरीय पदाधिकारी मनोनीत किया गया है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान अमृतेश आर्यन ने बताया कि जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा निर्गत आदेश के आलोक में जिले के सभी महाविद्यालय एवं विद्यालयों को सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को शामिल करने हेतु सूचित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त सभी प्रतियोगितियों में शत प्रतिशत प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है। सभी प्रतियोगिताओं के सफल संचालन और आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां पहले ही प्रारंभ कर दी गई हैं।