कैबिनेट से मिली स्वीकृति, पूर्व विधायक वीरेंद्र कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के नबीनगर प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में नबीनगर में 720 सीटों वाले डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना पर कुल 65 करोड़ 80 लाख 11 हजार रुपये खर्च होंगे। यह आवासीय विद्यालय सामाजिक न्याय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
विद्यालय में 720 छात्रों के लिए आधुनिक आवासीय भवन, कक्षाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, खेल-कूद एवं अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक वातावरण उपलब्ध कराना है। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के बच्चों के लिए एक सुनहरा अवसर बताया है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अब अच्छी शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि वे अपने ही इलाके में रहकर उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
इस मौके पर औरंगाबाद के पूर्व सांसद एवं नबीनगर के पूर्व विधायक वीरेंद्र कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री की सर्वजन हितैषी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। यह विद्यालय भी इसी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं लागू की हैं और यही कारण है कि जनता का भरोसा उन पर लगातार बना हुआ है। उन्होंने आशा जताई कि यह विद्यालय नबीनगर को शैक्षणिक हब के रूप में विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा। डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर स्थापित होने वाला यह विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और प्रगतिशील मूल्यों को भी बढ़ावा देगा। स्थानीय प्रशासन द्वारा शीघ्र भूमि चयन और निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।