नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के ओबरा प्रखंड के सननपुरा गांव में रविवार को 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। यह आयोजन सूर्य मंदिर के परिसर में माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर किया गया। इस महायज्ञ की शुरुआत गांव के देवी मंदिर में पूजन आरती से हुई। उसके बाद भगवान के जयकारे के साथ सूर्य मंदिर पहुंचे जहां सैकड़ों महिला और पुरुषों ने भाग लिया और हवन पूजन किया।
इस आयोजन का उद्देश्य नारी शक्ति संवर्धन और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। गायत्री परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में विभिन्न संस्कार और प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया गया।

इस महायज्ञ में भाग लेने वाले लोगों ने गायत्री मंत्र का उच्चारण किया और समाज में शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर सूर्य मंदिर के मुख्य पुजारी सुनील दास, गायत्री महिला ट्रस्टी विभा सिंह, रांची महिला मंडल के सक्रिय सदस्य जयंती सिंह, शांतिकुंज हरिद्वार प्रतिनिधि नीरज कुमार, युवा मंडल के सक्रिय सदस्य बिनोद कुमार, देव गायत्री परिवार से ललित शर्मा, ओबरा से सोहराई प्रसाद, कुश जायसवाल, दाउदनगर से ऊषा देवी, सिमरा से ज्ञाती देवी, औरंगाबाद महिला मंडल के सक्रिय सदस्य सीमा सिंह आदि उपस्थित रहे।