नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पकरीबरावां। पकरीबरावां पुलिस ने थाना क्षेत्र के हसनगंज गांव निवासी एवं हत्या के नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार नामजद आरोपित कुंदन कुमार यादव पिता सरयुग यादव है। उस्की गिरफ्तारी झारखंड के धनबाद में नाटकीय ढंग से की गई है।
बताया गया कि 22 जून को हसनगंज गांव के सत्येंद्र प्रसाद यादव को पोल्ट्री फार्म देखने की बात बोलकर गांव के ही अजय यादव और संजय यादव ले गए थे। वहीं गांव के स्कूल के पास पहले से घात लगाए नामजद आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी। कुंदन कुमार यादव अपने हाथ में कुदाल से सतेंद्र प्रसाद यादव के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपित भाग खड़े हुए। घायल व्यक्ति को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र सुरेंद्र कुमार द्वारा पकरीबरावां थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले में कुल 7 लोगों को नामजद बनाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में तीन नामजद आरोपित को गिरफ़्तार किया जा चुका है। अन्य चार नामजदों की गिरफ्तारी के पुलिस लगातर छापेमारी कर रही है।