नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। राज्य सरकार ने औरंगाबाद जिले के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिवक्ता अजय कुमार संतोष को लोक अभियोजक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
अजय कुमार संतोष लंबे समय से जिला न्यायालय में सक्रिय रूप से वकालत कर रहे हैं। उन्होंने आपराधिक, दीवानी एवं अन्य महत्वपूर्ण मामलों में अपनी मजबूत पैरवी से अलग पहचान बनाई है। कानून की गहरी समझ, निष्पक्ष सोच और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के कारण वे अधिवक्ताओं के बीच एक सम्मानित नाम माने जाते हैं।
उनकी लोक अभियोजक के पद पर नियुक्ति की खबर मिलते ही जिला न्यायालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, जूनियर वकीलों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। अधिवक्ताओं का कहना है कि श्री संतोष के अनुभव का लाभ न्याय व्यवस्था को मिलेगा और आम जनता को भी न्याय मिलने की प्रक्रिया और मजबूत होगी।
बधाई देने वालों ने उम्मीद जताई कि लोक अभियोजक के रूप में अजय कुमार संतोष पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।