नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में हालिया जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में जलमग्न रकबा एवं संभावित फसल क्षति का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। किसानों की फसलों की स्थिति पर विभाग द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है।
जिले के सभी प्रखंडों में कृषि विभाग के पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं अन्य संबंधित कर्मी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर खेतों की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। टीमों द्वारा जलमग्न क्षेत्रों, प्रभावित फसलों तथा संभावित फसल क्षति से संबंधित आवश्यक जानकारी का संकलन किया जा रहा है।
कृषि विभाग द्वारा जलमग्न रकबे एवं संभावित फसल क्षति का प्रारंभिक निरीक्षण किया गया है। विभागीय दिशानिर्देश के अनुसार जलस्तर कम होने एवं खेतों से पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में पुनः स्थल निरीक्षण एवं जांच कराई जाएगी, ताकि फसल क्षति का वास्तविक एवं विस्तृत आकलन किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा कृषि विभाग की टीमों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसानों से समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। औरंगाबाद में कृषि विभाग की पूरी टीम जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर किसानों की फसलों की स्थिति का लगातार जायजा ले रही है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति समय पर सामने आ सके और विभागीय प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों को आश्वस्त किया गया है कि फसल क्षति के आकलन की प्रक्रिया को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित किया जा रहा है तथा विभागीय दिशानिर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।