नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अकबरपुर, रोहतास। रोहतास थाना क्षेत्र के बंजारी दुर्गा मंदिर के समीप तीखी मोड़ पर रोहतास-डेहरी ऑन सोन मुख्य मार्ग (एनएच-119) पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे आमने-सामने दो टेंपो की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में टेंपो चालक समेत चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय ग्रामीणों और डायल 112 की टीम की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), रोहतास पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल प्रमोद चौधरी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सासाराम रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य तीन घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घायलों की पहचान 70 वर्षीय सफीरान खातून, पति स्वर्गीय मुस्तकीम अहमद, निवासी कैथी , सासाराम तथा 40 वर्षीय प्रमोद चौधरी, पिता लक्ष्मण चौधरी, निवासी डेहरी ऑन सोन के रूप में हुई है। हादसे में दो छोटे बच्चों को भी हल्की चोटें आईं। घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है।