भक्तिमय माहौल में जुटे सैकड़ों श्रद्धालु
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज (हरिद्वार) की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, औरंगाबाद के तत्वावधान में शहर के अदरी नदी तट स्थित सूर्य मंदिर प्रांगण (गंगा घाट) पर पूर्णिमा के अवसर पर दिव्य महाआरती सह दीप महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया।

इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार शामिल हुए। भगवान सविता, मां गायत्री, भगवती गंगा एवं श्रीमद्भगवत गीता जी की सामूहिक आरती और दीप महायज्ञ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय और ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।

श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर अपने जीवन में सकारात्मकता, सदाचार और आत्मिक उन्नति का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही राष्ट्रभक्ति, नशा मुक्ति, पारिवारिक एकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता संदेश दिए गए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में संस्कारों का संवर्धन, पारिवारिक मूल्यों का जागरण और समाज में सकारात्मक सोच का प्रसार करना रहा।
प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने अनुशासित एवं समर्पित भाव से कार्यक्रम को सफल बनाया। अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी पूर्णिमा पर भी अधिकाधिक संख्या में सहभागिता की अपील की, ताकि इस आध्यात्मिक अभियान को और व्यापक बनाया जा सके।