नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने की। बैठक में गया शहर के प्रमुख भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं किसान मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य गया जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार करना था।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि गया शहरी विधानसभा क्षेत्र सहित भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को विजयी बनाना हम सभी कार्यकर्ताओं का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और बिहार में एनडीए की पुनः सरकार बनाना हम सभी का लक्ष्य है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव और घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर मोदी सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और भाजपा की नीतियों को साझा करें, ताकि आम जनता को यह विश्वास हो कि भाजपा ही देश और राज्य के विकास की असली धुरी है। बैठक में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि गया जिले के दसों विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए की प्रचंड जीत सुनिश्चित करने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है, जिसमें प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की भागीदारी आवश्यक है। बैठक का समापन विजय संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने एकजुट होकर भाजपा के प्रति अपने समर्पण को दोहराया।
मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राणा रणजीत सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर, गोपाल प्रसाद यादव, दीपक पांडे, मंटू कुमार, महेश यादव, बबलू गुप्ता, कुंदन सिंह सहित अन्य उपस्थित हुए।