नाले से युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के गंगाचक मलिकाना वार्ड संख्या-13 मोहल्ले में गुरुवार की अलसुबह एक युवक का शव नाले के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया।
मृतक की पहचान मलिकाना वार्ड संख्या-31 निवासी मोहम्मद सिकंदर आलम उर्फ बिट्टू (25 वर्ष), पिता अली हसन उर्फ बेंगू मियां के रूप में की गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

मृतक की मां लाडली बानो ने मसौढ़ी थाने में आवेदन देकर 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को सुबह करीब 4 बजे फोन कर घर से बुलाया गया और उसके बाद बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को घर से दूर नाले के पास फेंक दिया गया।
प्राथमिकी में मलिकाना मोहल्ले के तनु कुमारी, मुकेश कुमार यादव, भोली देवी, पिंटू यादव, आदित्य यादव, लालमुनी देवी के पति और उनके दो जुड़वा बेटे, तथा महाराजचक निवासी पप्पू कुमार यादव समेत अन्य को आरोपी बनाया गया है।
मृतक की मां ने यह भी बताया कि कुछ महीने पहले उनके घर के पास फायरिंग कर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अनुसंधान के दौरान आरोपियों के घर के सामने रेलवे लाइन के पास से मृतक का चप्पल, गंजी और अन्य कपड़े बरामद किए गए हैं। मौके पर एफएसएल टीम और स्क्वाड डॉग को भी बुलाया गया है ताकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा सके।
पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश कुमार यादव के घर पर छापेमारी कर हर कमरे की तलाशी ली और पूछताछ के लिए दो महिलाओं को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार मुकेश यादव की बेटी तनु कुमारी और मृतक सिकंदर आलम उर्फ बिट्टू के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी संबंध को लेकर विवाद हुआ और युवक की हत्या कर दी गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।