औरंगाबाद में उद्योग स्थापना एवं निवेश को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ने डीएम से की मुलाकात
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज औरंगाबाद जिला में उद्योग स्थापित करने तथा स्थानीय व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औरंगाबाद चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता द्वारा जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की गई। इस दौरान जिले में औद्योगिक संभावनाओं, निवेश अवसरों एवं व्यवसायिक गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। गौरतलब है कि औरंगाबाद चेंबर ऑफ कॉमर्स की स्थापना 28 जनवरी 2026 को की गई है, जो बियाडा उद्यमिता एवं औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े व्यवसायियों के समन्वय हेतु कार्य करेगा।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष द्वारा जिले में व्यापार एवं उद्योग के विकास हेतु विभिन्न स्तरों पर रणनीति तैयार करने, निवेशकों को आकर्षित करने तथा स्थानीय उद्यमियों को सहयोग प्रदान करने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान औरंगाबाद जिला में कृषि आधारित उद्योगों की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इस क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा स्ट्रॉबेरी की खेती को प्रोत्साहित करने, किसानों एवं उद्यमियों को जागरूक करने तथा स्ट्रॉबेरी आधारित व्यवसाय में निवेश को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष द्वारा नवगठित टीम के साथ उद्योग संबंधी विषयों पर जिला स्तर पर बैठक आयोजित करने हेतु आग्रह किया गया, ताकि जिले में उद्योगों का व्यापक विस्तार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि व्यवसाय वर्ग के अधिक से अधिक लोग जिले में निवेश करें, इसके लिए चेंबर द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि प्रस्तावित औद्योगिक गतिविधियों के अंतर्गत स्टार्टअप सेल, सिंगल विंडो सेल, कोल्ड स्टोरेज तथा फूड प्रोसेसिंग से संबंधित उद्योगों की स्थापना को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय रोजगार सृजन एवं आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में उद्योग एवं निवेश के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने तथा इस दिशा में आवश्यक सहयोग प्रदान करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उद्यमियों को नियमानुसार हरसंभव सहायता दी जाएगी, ताकि औरंगाबाद जिले में औद्योगिक विकास को गति मिल सके।