जिले की बेटी की सफलता पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई, युवाओं के लिए बताया प्रेरणा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद की प्रतिभाशाली बेटी मोनिका श्रीवास्तव ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 16वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर शनिवार को औरंगाबाद के सांसद अभय कुशवाहा ने मोनिका श्रीवास्तव के पिता ई. बी. के. श्रीवास्तव को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सांसद अभय कुशवाहा ने कहा कि मोनिका श्रीवास्तव की इस उपलब्धि से न केवल औरंगाबाद बल्कि पूरे बिहार का नाम देशभर में रोशन हुआ है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही ऐसी सफलता प्राप्त होती है। मोनिका की सफलता जिले के युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है।

इस मौके पर जिला पार्षद अनिल यादव, राष्ट्रीय जनता दल के जिला प्रवक्ता डॉ रमेश यादव, आपदा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष उदय उज्ज्वल, जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, प्रखंड अध्यक्ष सुशील कुमार, युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष विकास कुमार, राजेश कुमार गुप्ता, उपेन्द्र मेहता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।