नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। हमारी गौरैया तथा एनवायरमेंट वॉरियर्स के संयुक्त तत्वावधान में बी. डी.कॉलेज, पटना के भूगोल विभाग में चित्रकारी, निबंध लेखन, कविता लेखन तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
मौके पर डॉ. मनीषा प्रियंबदा ने बताया कि गौरैया को हमलोग बचपन से घर के मुंडेर पर देखते थे, हमसब की नींद, इनकी चहचहाहट से ही खुलती थी, लेकिन आज यह यदा कदा ही दिखती है, जो पर्यावरण के साथ ही जैव विविधता के लिए भी चिंता का विषय है, इसलिए हमसब को स्वयं ही इसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेनी होगी। इन्होंने छात्रों को गर्मियों में इनके लिए मिट्टी के बर्तन एवं दाना बालकनी या छत के मुंडेर पर रखने की सलाह दी।

मौके पर एनवायरमेंट वॉरियर्स के अध्यक्ष अदिति रॉय ने बताया कि गौरैया हमसब के घर की पक्षी है इसलिए इसके संरक्षण की नैतिक जिम्मेदारी हमसब की है। चित्रकारी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मुस्कान रानी, दूसरा स्थान स्वीटी कुमारी एवं तीसरा स्थान तनिषा मिश्र ने प्राप्त किया। कविता लेखन में हर्ष श्रीवास्तव, निबंध लेखन में सुप्रिया शांडिल्य एवं क्विज प्रतियोगिता में टीम कुरुवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. मोनिका कुमारी, कृतिका मुखर्जी, निशांत रंजन, सभ्यता कुमारी ने भाग लिया एवं छात्र-छात्राओं ने गौरैया संरक्षण का संकल्प लिया।