नरेन्द्र मोदी ने बढ़ाया देश का मान–सम्मान तो अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं का
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी ओन सोन (रोहतास)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए पूर्व विधायक ललन पासवान ने नवबिहार टाइम्स को बताया कि सभी नागरिकों के लिए न्याय, समानता और जीवन में सुगमता सुनिश्चित करने में मोदी सरकार सबसे आगे है। यह पैमाना संविधान निर्माता बाबा भीमराव अम्बेडकर द्वारा दिए गए सुझाव के अनुरूप है। सरकार की नीतियों, लक्ष्यों को निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने की प्रतिबद्धता को देखते हुए पीएम मोदी अपने पूर्ववर्तियों की तुलना में बहुत अलग हैं। सामाजिक न्याय के संदर्भ में भारत के राष्ट्र निर्माताओं के सपनों को साकार करने की दिशा में वे बहुत आगे निकल गए हैं। कई तथ्य इसे पुष्ट करते हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं। जैसे 2015 में शुरू की गई पीएम आवास योजना के अंतर्गत 262 करोड़ घर बनाए गए। 2016 में शुरू की गई सब्सिडी वाली घरेलू गैस कनेक्शन की पीएम उज्ज्वला योजना ने 10.33 करोड़ घरों को कवर किया। नल के जरिये जल बालो योजना 2019 में शुरू हुई और जल जीवन मिशन ने 15.60 करोड़ घरों को कवर किया। शौचालय निर्माण के लिए 11 करोड़ घरों को सुविधा उपलब्ध कराई गई। पूरे परिवार के लिए स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा भी इन पहलों में शामिल हैं। यह सब नागरिकों के लिए जीवन की सुगमता सुनिश्चित करने से जुड़ी मोदी की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम का उल्लेख किए बिना अधूरी रहेगी। मोदी सरकार ने 2028 तक हर महीने 81 करोड़ लोगों तक भोजन प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति बिना भोजन के न रहे। इसके लाभार्थियों की संख्या दक्षिण, उत्तर अमेरिका और यूरोप की जनसंख्या से कहीं अधिक है। यह योजना काफी पहले शुरू हुई थी, पर मोदी ने इसे व्यापक रूप से आगे बढ़ाया। यह योजना अनुच्छेद 47 के निर्देश के अनुरूप ही है, जिसमें उल्लेख है कि राज्य का प्राथमिक कर्तव्य लोगों का जीवन स्तर बढ़ाना है।
अन्य योजनाओं की तरह पीएम किसान योजना भी 11 करोड़ किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। इसके जरिये किसानों को आवश्यक मौद्रिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आधार के जरिये इसमें किसी तरह का कोई रिसाव नहीं और राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचती है। नेति निर्देशक तत्वों से जुट्टी संकल्पनाओं को साकार करने की दिशा में जनधन योजना मोदी सरकार को बहुत निर्णायक पहल सबित हुई है। इसके अंतर्गत बैंक खातों की संख्या 56.29 करोड़ के स्तर तक पहुंच गई है। वित्तीय समावेशन की इस क्रांतिकारी योजना ने सबसे गरीब लोगों को भी बैंक खाते खोलने और संचालित करने में सक्षम बनाया है।
पूर्व विधायक ललन पासवान ने देश के गृहमंत्री अमित शाह को डेहरी की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत का विश्व में डंका बज रहा है। एक ने देश को आगे बढ़ाया तो एक ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई परिवर्तनकारी पहल हुई हैं। इस संदर्भ में वंचित वर्ग से जुड़े परिवारों के लिए 2018 में आरंभ हुई आयुष्मान योजना किसी संजीवनी से कम नहीं, जो प्रत्येक परिवार को सालाना पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवरेज प्रदान करती है। इससे पहले 2015 में शुरू की गई पीएम सुरक्षा बीमा योजना दुर्घटना बीमा कवरेज प्रदान करती है। इसके 51 करोड़ से भी अधिक कार्ड धारक हैं। यह अनुच्छेद 47 में उल्लिखित निर्देश के अनुरूप है, जो कहता है कि राज्य का प्राथमिक कर्तव्य सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित करना है।