नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार कला पुरस्कार 2025 से औरंगाबाद जिले के रियासत पवई निवासी अभिषेक पाठक को कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार ने सम्मानित किया है। 24 सितंबर को पटना में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और विभागीय मंत्री मोतीलाल प्रसाद की उपस्थिति में अभिषेक पाठक को यह सम्मान मिला है।
अभिषेक पाठक ने बताया कि मुझे बिहार कला सम्मान 2022-23 के अंतर्गत पं रामचतुर मल्लिक पुरस्कार (नवोदित श्रेणी) मिला है। इनके पिता कृष्ण मुरारी पाठक और माता रेणु पाठक हैं। इनका जन्म 12 सितंबर 1996 को पटना में एक संगीतज्ञ घराने में हुआ। इनके दादाजी स्वर्गीय पंडित जीवरंजन पाठक गया घराना के सुप्रसिद्ध सितार वादक तथा आकाशवाणी पटना में सेवारत थे।
श्री पाठक की शास्त्रीय संगीत एवं ध्रुपद गायन की विधिवत शिक्षा गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत “दरभंगा घराना” के महान गायक पद्मश्री स्वर्गीय पंडित रामकुमार मल्लिक के सानिध्य में हुई है तथा इन्होंने उप शास्त्रीय संगीत की शिक्षा अपने चाचा पंडित सुनील पाठक से ली है। श्री पाठक पटना आकाशवाणी के अप्रूव्ड कलाकार हैं। इन्होंने बिहार एवं बिहार के बाहर भी कई संगीत समारोहों में अपने कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।