शहर के लोग भी इस मंदिर में आकर कर सकते हैं दर्शन-पूजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद के बिहार सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट के श्री कुंज परिसर में बने भव्य एवं आकर्षक मंदिर में सोमवार को भगवान हनुमान के बाल रूप श्री बालाजी के मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोह धूमधाम से सम्पन्न हो गई।

इस अवसर पर यूनिट हेड अतुल शर्मा ने कहा कि श्री परिवार में कई जगहों पर बालाजी के मंदिर की स्थापना की गई है। इसी श्रृंखला के अंतर्गत आज औरंगाबाद में भी श्री परिवार में श्री बालाजी की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हो गई। उन्होंने बताया कि इस समारोह में राजस्थान के पुष्कर से 17 स्पेशल ब्राह्मणों की टीम को बुलाया गया था जो इस कार्य को सावधानी पूर्वक पूरी शुद्धता के साथ किए। इस प्राण प्रतिष्ठा में सवा लाख आहुतियां दी गई है और इसके लिए पांच हवन कुंड बनाए गए थे। औरंगाबाद के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है और शहर के लोग भी इस मंदिर में आकर दर्शन-पूजन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस मंदिर में श्री बालाजी की जो मूर्ति स्थापित की गई है वह महाबलीपुरम से आई है। इसी जगह से अयोध्या में बने राम मंदिर में भगवान श्री राम की मूर्ति भी मंगाई गई थी। शनिवार और मंगलवार को इस मंदिर में स्पेशल पूजा और हनुमान चालीसा का पाठ कराया जाएगा। उन्होंने सभी के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए इस प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया।
विदित हो कि 12 फरवरी को कलश यात्रा और हवन के साथ श्री बालाजी मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह प्रारंभ हुआ था जो 16 फरवरी को महाभंडारा के साथ संपन्न हो गया।
मौके पर एचआर हेड राकेश कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद थे।