नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी (पटना)। बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम में एक बार फिर बेटियों ने अपना परचम लहराया है। इसी कड़ी में मसौढ़ी अनुमंडल के धनरूआ प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर बौरही गांव की रहने वाली सृष्टि कुमारी ने आर्ट्स संकाय में जिले में टॉप-3 स्थान हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
सृष्टि एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता उपेंद्र चंद्रवंशी कोलकाता में प्राइवेट गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सृष्टि ने गांव में रहकर ही अपनी पढ़ाई पूरी की और यह सफलता हासिल की।
उन्होंने धनरूआ स्थित अंजनी गोविंदपुर हाई स्कूल से शिक्षा प्राप्त की। सृष्टि की इस उपलब्धि पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
सृष्टि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार को दिया। उन्होंने कहा,
“मैंने घर पर रहकर ही अपनी पढ़ाई पूरी की। स्कूल के शिक्षकों ने मेरी तैयारी में काफी मदद की। आगे चलकर मैं सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास कर आईएएस बनना चाहती हूं और देश की सेवा करना चाहती हूं।”
सृष्टि की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों।