नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। विधान परिषद चुनाव इस बार बेहद दिलचस्प हो गया है। एक तरफ जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार हैं, तो दूसरी तरफ राजद से डॉ. दिलीप पटेल मैदान में हैं। वहीं जन सुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में मोकामा के विधायक अनंत सिंह लगातार जन आशीर्वाद यात्रा कर वोट मांग रहे हैं।
शनिवार को मसौढ़ी के धनरुआ स्थित नदवां गांव पहुंचे जहां नदवां के महादेव स्थान पुस्तकालय के पास भव्य स्वागत हुआ, स्नातक मतदाताओं को संबोधित करते हुए जदयू उम्मीदवार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, सोच-समझकर वोट कीजिए। जिसे पिछले 18 वर्षों से सिर्फ नीतीश कुमार और निशांत के नाम पर लोगों को मूर्ख बनाकर वोट मांगा है, इस बार युवा स्नातक मतदाता उसे सबक सिखाएगी।
अनंत सिंह ने कहा, 23 अक्टूबर को उसका सारा अहंकार और घमंड टूट जाएगा। मुझे बताएं कि 18 वर्षों में अपने फंड से कोई एक काम किया हो? यह चुनाव विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनाने का नहीं है। यह विधान परिषद का चुनाव है, जो पढ़े-लिखे स्नातक युवाओं के लिए है। वह बताएं कि छात्रों के लिए क्या किया? कुछ नहीं। वह अहंकारी है, घमंड में चूर है। नदवां में अनंत सिंह का समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पैक्स अध्यक्ष राकेश उर्फ चुन्नू सिंह, हरिशंकर शर्मा, प्रिंस कुमार, आशुतोष कुमार समेत सैकड़ों लोगों ने उनका स्वागत किया और अनुज सिंह के पक्ष में समर्थन देने का वादा किया।