नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। हार में जनता दल यूनाइटेड के विधान परिषद उम्मीदवार और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल नीरज कुमार आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है. नीरज कुमार, बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के उम्मीदवार हैं।
जानकारी के मुताबिक, जेडीयू नेता नीरज कुमार की 19 अक्टूबर को दोपहर बिहार के सिवान जिला में पूजा के दौरान दिल के दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में पटना लाया गया, जहां देर शाम उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि तीन बार विधान परिषद सदस्य रह चुके नीरज कुमार पहले से ही हार्ट के मरीज रहे हैं।
नीरज कुमार की तबीयत ऐसे समय बिगड़ी है, जब दो दिन बाद यानी 23 अक्टूबर को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान होना है। बिहार की चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान होना है। इसमें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार एनडीए समर्थित जेडीयू के उम्मीदवार हैं। ऐसे में उनकी तबीयत बिगड़ने से एनडीए की मुश्किलें बढ़ सकती है।