नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सहरसा। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इस चुनावी मुकाबले में कुल 15 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनके भाग्य का फैसला निर्वाचन क्षेत्र के 1,34,073 पंजीकृत स्नातक मतदाता करेंगे। मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 14 जिलों में कुल 181 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।निर्वाची पदाधिकारी सह पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारियों व जिलाधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
मतदान केंद्र पर मिलेगा बैंगनी स्केच पेन, पहचान पत्र जरूरी
इस चुनाव में मतदाताओं को वरीयता क्रम के अनुसार मतपत्र (बैलेट पेपर) पर अपना वोट दर्ज करना होगा। इसके लिए पोलिंग बूथ पर मतदान कर्मियों द्वारा विशेष बैंगनी रंग का स्केच पेन दिया जाएगा। मतदाता सिर्फ इसी पेन का इस्तेमाल कर सकेंगे, बाहर से लाए किसी पेन का प्रयोग मान्य नहीं होगा। मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) अनिवार्य है. ईपीआईसी न होने पर निर्वाचन आयोग द्वारा तय 10 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों में से कोई एक दिखाकर मतदान किया जा सकता है। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, सरकारी सेवा पहचान पत्र, सांसद/विधायक/एमएलसी आईडी, शैक्षणिक संस्थान का सेवा पहचान पत्र, यूनिवर्सिटी की मूल डिग्री/डिप्लोमा, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड शामिल हैं।
कंट्रोल रूम का नंबर जारी
निर्वाचन संबंधी किसी भी सहायता, जानकारी या शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका फोन नंबर 06454-243198 है. प्रशासन ने सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। जिलेवार मतदान केंद्र और मतदाताओं की पूरी सूची इस प्रकार है। जिला मतदान केंद्र कुल मतदाता हैं। भागलपुर 26 24,514, पूर्णिया 17 12,062, सहरसा 13 11,498, कटिहार 20 10,977, बांका 11 10,692, मधेपुरा 14 9,678, खगड़िया 11 9,470, सुपौल 13 9,461, अररिया 11 9,167, मुंगेर 12 8,463, जमुई 11 6,455, शेखपुरा 07 4,329, लखीसराय 07 3,753, किशनगंज 08 3,554, कुल योग 181 1,34,073 है।