नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा के विधायक संजय सरावगी की पूज्य माताजी के निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। उनके आवास पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता तथा वैश्य समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट कर रहे हैं।

शोकाकुल वातावरण के बीच औरंगाबाद वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश गुप्ता ने श्री सरावगी से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान श्री गुप्ता ने कहा कि उनकी माताजी अत्यंत धार्मिक, सरल स्वभाव की एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी महिला थीं। उनके निधन से परिवार ही नहीं, बल्कि समाज ने भी एक मार्गदर्शक व्यक्तित्व को खो दिया है।
वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है और इस कठिन समय में पूरा संगठन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।