नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। श्रम संसाधन विभाग अंतर्गत बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) के नए डिजिटल पोर्टल (https://bocwscheme.bihar.gov.in) का उद्घाटन आज दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान, पटना में विभाग के मंत्री संतोष कुमार सिंह के द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभाग के विशेष सचिव आलोक कुमार, बोर्ड सचिव सुनील कुमार यादव, श्रमायुक्त राजेश भारती, संयुक्त श्रमायुक्त विजय कुमार, संयुक्त सचिव राजीव रंजन, क्षेत्रीय महाप्रबंधक इंडियन बैंक विवेक, उपमहाप्रबंधक इंडियन बैंक अमन कुमार झा, सहायक महाप्रबंधक, सरकारी संबंध विभाग, इंडियन बैंक पटना रुचिर कुमार सिन्हा एवं विभाग के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
उक्त अवसर पर मंत्री ने बताया कि इस नूतन पोर्टल के माध्यम से अब बिहार के लाखों श्रमिक BOCW बोर्ड की 16 कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी, ऑनलाइन पंजीकरण, नवीकरण, सहायता के लिए आवेदन और आवेदन की स्थिति की रीयल-टाइम ट्रैकिंग की सुविधा पा सकेंगे। मंत्री ने कहा कि यह पोर्टल तकनीक के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो श्रमिकों और सरकार के बीच की दूरी को खत्म करेगा और प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाएगा।
मंत्री संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर उन्होंने जनेवा में बिहार की श्रमिक योजनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया था, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहा गया। उन्होंने इसे बिहार के लिए गर्व की बात बताया और कहा कि राज्य सरकार लगातार श्रमिक हितों की रक्षा व संवर्धन के लिए प्रयासरत है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि BOCW बोर्ड की सभी 16 योजनाएं अब नए पोर्टल के माध्यम से तेज़ी से और सुगमता से लागू की जाएं, जिससे अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को लाभ मिल सके।
उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर श्रमिकों को जागरूक करने और पोर्टल के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने का भी निदेश दिया और कहा कि यह पोर्टल न केवल तकनीकी नवाचार है, बल्कि यह श्रमिकों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक बनेगा।