नवबिहार टाइम्स संवाददाता
जगदीशपुर/भोजपुर। भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के चकवा पंचायत अंतर्गत बौलीपुर गांव में श्याम बिहारी सिंह के बगीचे में आम के पेड़ से लटका एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान नारायणपुर गांव के स्व. बिभई मुसहर के पुत्र मुलुक मुसहर के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, मृतक अपने घर से शुक्रवार को सुबह निकला था। उसकी बहन बौलीपुर में रहती है। घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह और थानाध्यक्ष विगाउ राम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को जांच उपरांत पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल में भेज दिया।
एसडीपीओ ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई जख्म का निशान नहीं है, जिससे यह लगता है कि मृतक ने खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का स्पष्ट कारण पता चलेगा। मृतक के बारे में बताया जाता है कि उसकी पहली शादी होने के बाद उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी और दूसरी शादी के बाद उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद मृतक दिमागी रूप से अस्वस्थ था। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिवार वालों को रो- रो के बुरा हाल है।