नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी (पटना)। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव स्थित मनसापुरण पंचरूपी हनुमान मंदिर परिसर में एक मजदूर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान बिलौटी गांव निवासी रूपेश कुमार (पिता– अरुण पासवान) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने युवक की हत्या बेहद क्रूर तरीके से की। पहले उसके कान पर धारदार वस्तु से हमला किया गया, फिर गले पर नुकीले हथियार से वार किया गया और अंत में ईंट से कुचलकर उसकी जान ले ली गई।
घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मंदिर परिसर में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के सैकड़ों लोग जुट गए। वहीं, परिजनों के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।
मृतक की पत्नी गुड्डी देवी ने बताया कि उनकी आखिरी बार पति से शाम करीब 8 बजे फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद रात 11 बजे मोबाइल बंद हो गया। वहीं पिता अरुण पासवान के अनुसार, रूपेश धनरूआ के बरनी गांव में चल रहे ढलाई कार्य में मजदूरी करता था और रोज की तरह काम से लौट रहा था।
ग्रामीणों के मुताबिक, बिलौटी गांव से करीब 12 मजदूर एक साथ टेंपो से काम पर जाते थे। घटना वाली शाम करीब 8 बजे तक रूपेश बलियारी में अपने साथियों के साथ था, लेकिन उसी दौरान एक फोन कॉल आने के बाद वह कहीं चला गया और फिर सुबह उसका शव मंदिर परिसर में मिला।
परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। इधर, घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और शव उठाने में देर तक बाधा डाली। मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों मुखिया रवि प्रकाश, नागेश्वर पासवान और पूर्व मुखिया रामनाथ पासवान ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन जारी है।