“बेहतर बिहार संवाद” कार्यक्रम में छात्रों से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री का सन्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कहा है कि भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और यह कार्य तब तक संभव नहीं है जब तक बिहार इसमें अग्रणी भूमिका न निभाए। बिहार की विशाल युवा आबादी इस परिवर्तन की धुरी बन सकती है, लेकिन इसके लिए सबसे पहले युवाओं को अपनी सोच और दृष्टिकोण में बदलाव लाना होगा। उन्होंने कहा कि बिहार को बदलना है तो युवाओं को अपना एटीट्यूड बदलना पड़ेगा। सोच को सकारात्मक दिशा में मोड़ना होगा। कोई भी व्यक्ति अपने परिवार को कोसकर प्रगति नहीं कर सकता, ठीक वैसे ही बिहार को दोष देकर आगे नहीं बढ़ा जा सकता। बिहार के युवाओं को स्पष्ट एजेंडा के साथ आगे आकर नेतृत्व संभालना होगा। वे मंगलवार को नगर भवन परिसर में सच्चिदानंद सिन्हा महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित “बेहतर बिहार संवाद” कार्यक्रम में छात्रों से संवाद कर रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने भी अपने सुझाव रखे। बीसीए के छात्र नेयाज ने कृषि में तकनीकी नवाचार और तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा देने की बात कही। बीबीएम के छात्र कृष ने युवाओं के लिए स्वरोजगार हेतु आसान ऋण उपलब्ध कराने की मांग रखी। सचदेवा कॉमर्स की टॉपर छात्रा ने पर्यटन क्षेत्र को विकसित करने पर बल दिया, ताकि इससे न केवल राजस्व बढ़े बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित हों। वहीं वैष्णवी ने न्यूनतम मजदूरी दर में बढ़ोतरी कर आम जनता की आय बढ़ाने की बात रखी। ऋतुराज सिन्हा ने युवाओं के इन सुझावों की सराहना की और कहा कि यही संवाद भविष्य के बिहार की नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास नई सोच और ऊर्जा है, यदि इसे सही दिशा दी जाए तो बिहार को आत्मनिर्भर बनने से कोई नहीं रोक सकता।
कार्यक्रम की शुरुआत में सच्चिदानंद सिंह महाविद्यालय के प्रचार्य सुधीर मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय मगध क्षेत्र ही नहीं, पूरे बिहार में अपनी पहचान रखता है। यहां के छात्र-छात्राओं ने सदैव जिला और राज्य का नाम रौशन किया है। अब समय आ गया है कि ये युवा आत्मनिर्भर बिहार के सपनों को नई उड़ान दें।
इससे पहले ऋतुराज सिन्हा ने राजेंद्र बाल उद्यान में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा का अनावरण किया। नगर परिषद के अध्यक्ष उदय गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहम्मद अहसान और भाजपा नेताओं के साथ प्रतिमा का अनावरण करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि हमारे इतिहास और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का संकल्प है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जीवन त्याग, तप और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है।
“बेहतर बिहार संवाद” कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री सतीष कुमार सिंह ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं राष्ट्र की असली पूंजी हैं। बिहार की तरक्की आपके प्रयासों से ही संभव है। अब समय आ गया है कि युवा नौकरी की तलाश से आगे बढ़कर खुद रोजगार के अवसर सृजित करें।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मनोज शर्मा, भाजपा के जिला अध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी, डॉ. नागेंद्र शर्मा, डॉ. रित्विक, विराट कोचिंग के संचालक अमित कुमार, सचदेवा कोचिंग के संचालक धीरज, पवन, ओम, नवीन, सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज के गणित विभाग के पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन सिंह, हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष सिदेश्वर सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, संजीव नारायण, बी फार्मा विभाग के अध्यक्ष मंजीत, भीम बहादुर, विकास काली, अनूप मिश्रा, विकास सिंह, आशुतोष मोनू, सतीष कुमार मोनू, सौरभ कुमार, वार्ड पार्षद अमित गुप्ता, अमित अखोरी, रंजय अग्रहरि, अशोक कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद जिला अतिथि गृह में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी हुई। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि मगध और शाहाबाद क्षेत्र एनडीए का मजबूत गढ़ रहा है। पिछली बार जो नुकसान हुआ था, उसकी भरपाई इस बार पूरी तरह से की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी का आह्वान किया।