नवबिहार टाइम्स संवाददाता
बारून (औरंगाबाद)। आज जवाहर नवोदय विद्यालय, बारून में कैंसर जागरूकता विषय पर एक महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एम्स दिल्ली के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ टीम में रतन कुमार, अजय कुमार, तपेश्वर सिंह एवं संतोष कुमार भी मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य रवींद्र कुमार सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। उन्होंने मंच से सभी अतिथियों का परिचय कराया और विशेष रूप से डॉ. सुनील कुमार के साथ अपने विद्यालयीन सहपाठी संबंध का उल्लेख करते हुए गर्व व्यक्त किया।
डॉ. सुनील कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि वे पिछले लगभग 25 वर्षों से कैंसर के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे अपनी माता चंद्रकांती देवी के नाम पर एक निःशुल्क कैंसर क्लीनिक संचालित कर रहे हैं, जो नारायणा हॉस्पिटल में प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार एवं रविवार को मरीजों को निःशुल्क सेवा प्रदान करता है।
अपने व्याख्यान में उन्होंने कैंसर के लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर भी दिया।
इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कैंसर जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य द्वारा सभी आगंतुकों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।