नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुति रहा आकर्षण का केंद्र
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज केंद्रीय विद्यालय औरंगाबाद के प्रांगण में 63वां स्थापना दिवस का भव्य एवं उत्साह पूर्वक आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार श्रीवास्तव एवं कई गणमान्य अभिभावक ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि व शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ।

इस दौरान विद्यालय के बच्चों द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे लोकगीत, लोक नृत्य गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, बंगाल, हरियाणा, संबलपुरी, बिहार के साथ–साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत पर आधारित कई नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहा। साथ में विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य ए. के श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, महत्व एवं विद्यालय के उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम का निर्देशन संगीत शिक्षिका कुमारी वंदना के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया।