प्रगति यात्रा के दौरान प्रस्तावित प्रगति पथ का डीएम ने किया निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा देव प्रखंड अंतर्गत मुख्यमंत्री, बिहार की प्रगति यात्रा के दौरान प्रस्तावित प्रगति पथ का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रस्तावित प्रगति पथ के संरेखण (एलाइनमेंट), स्थल की भौतिक स्थिति, उपलब्ध भूमि, आवागमन की संभावनाओं तथा संभावित बाधाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से प्रगति पथ निर्माण से संबंधित अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा भू-अर्जन, भूमि हस्तांतरण एवं भूमि विवाद से संबंधित लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश अपर समाहर्ता, औरंगाबाद एवं अंचलाधिकारी, देव को दिया गया। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी संबंधित राजस्व मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा को दूर किया जाए, ताकि प्रगति पथ निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से प्रारंभ एवं पूर्ण किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के अंतर्गत प्रस्तावित विकासात्मक एवं आकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए भूमि संबंधी सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करना आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थल से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से समर्पित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।