देश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जानने-समझने के लिये यह आकर्षक और अनूठा केन्द्र होगा : मुख्यमंत्री
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के राजेन्द्र नगर में 21 एकड़ के भू-खण्ड पर नवनिर्मित डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम साईंस सिटी का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित अब्दुल कलाम साइंस सिटी के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर एवं प्रथम तल पर जाकर विभिन्न गैलरियों, वैज्ञानिक प्रदर्शों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। कार्यक्रम में वहां उपस्थित बच्चों ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों का अभिवादन स्वीकार किया।
कार्यक्रम के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम साईंस सिटी के निर्माण कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में अब्दुल कलाम साइंस सिटी के निर्माण से संबंधित एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गयी। इस साइंस सिटी में विज्ञान आधारित 5 गैलरी, 269 रोचक विज्ञान प्रदर्श, ऑडिटोरियम, 4 डी थियेटर तथा छात्रों एवं शिक्षकों के लिये डोरमेट्री की सुविधा प्रमुख आकर्षण केन्द्र हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम साइंस सिटी बहुत अच्छा बना है। इसके निर्माण कार्य को हमने कई बार देखा है। लंदन में अधिकारियों के साथ जाकर हमने वहां के साइंस सिटी का भी निरीक्षण किया था। इसके निर्माण को लेकर कई विशेषज्ञों की राय ली गयी है। इस साइंस सिटी को विशिष्ट आइडियाज के साथ बनाया गया है। यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक ऐसा आधुनिक केन्द्र बना है जो सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेगा।
देश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जानने-समझने के लिये यह आकर्षक और अनूठा केन्द्र होगा। डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम साइंस सिटी विज्ञान के प्रचार-प्रसार के विश्व के बेहतरीन केन्दों में से अपने आप में विशिष्ट होगा। साईंस सिटी का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात् यहां आनेवाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियों और विज्ञान के सिद्धांतों को सरलता से समझने में सुविधा होगी तथा विज्ञान में उनकी रूचि बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने इस साइंस सिटी का नामकरण महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम के नाम पर किया है। डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम जी का बिहार के प्रति विशेष लगाव था। हमारे मन में भी उनके प्रति विशेष श्रद्धा थी और हमारे प्रति भी वे स्नेह रखते थे।